राज्य में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। असम सरकार (Goverment of Assam) द्वारा विशेष रूप से अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध मुख्यमंत्री की कड़े रुख के चलते प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सरकारी जमीन खाली कराने के लिए यह व्यापक बेदखली अभियान(Eviction) चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कार्बी आंगलोंग जिले के बोकलियाघाट क्षेत्र में प्रशासन ने एक बड़े पैमाने पर अभियान संचालित किया।

यह कार्रवाई यमुना नदी के निकट सिंचाई विभाग की लगभग 350 बीघा भूमि पर की गई। जिला प्रशासन पहले ही इस बेदखली अभियान से संबंधित नोटिस जारी कर चुका था, जिसमें अवैध रूप से बसे लोगों को क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद जो लोग वहां से नहीं हटे या अपने निर्माण ढांचे नहीं तोड़े, उनके खिलाफ पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोकलियाघाट में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान लगभग दस से अधिक एक्सकेवेटर और फॉकलिन मशीनें इस्तेमाल की गईं। वहीं किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और कमांडो बल की बड़ी संख्या को तैनात किया गया। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से शुरू हुआ यह अभियान पहले दिन लगभग शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। ध्यान देने योग्य है कि अभियान के पहले दिन सैकड़ों परिवारों के घरों और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ ही श्रीमंत शंकरदेव समाज की जिला इकाई के नामघर तथा एक मस्जिद को भी हटाया गया। हालांकि, नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग पहले ही उस क्षेत्र को छोड़ चुके थे।








